मुंबई में हुए आतंकी हमले के 11 साल; मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी

मुंबई में हुए आतंकी हमले की 11वीं बरसी पर मंगलवार सुबह राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यहां पुलिस जिमखाना स्मारक में शहीद और मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में हमले में मारे गए लोगों के परिवार वाले भी शामिल हुए। सभी ने नाम आंखों से शहीदों को याद किया।


26/11 की बरसी पर मुंबई में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 11 साल पहले 2008 में आज ही के दिन सीएसटीएम, नरीमन हाउस, कामा अस्पताल और अन्य स्थानों पर हमला किया गया था। हमले में एटीएस चीफ हेमंत करकरे समेत कई लोग शहीद हुए थे। शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए पुलिस जिमखाना में स्मारक बनाया गया है।


60 घंटे चला था संघर्ष
मुंबई हमले के दौरान 60 घंटों तक चले संघर्ष ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। हमले में करीब 237 लोगों मारे गए, जबकि 300 लोग घायल हो गए थे। हमलावरों में अजमल कसाब नाम का एक आतंकी अपने 9 अन्य सहयोगियों के साथ समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचा था। आतंकियों ने मुंबई के प्रमुख स्थलों पर हमला करते हुए होटल ताज को कब्जे में ले लिया था।